बांके बिहारी के दर्शन के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने साधा भाजपा पर निशाना, बोले—‘ब्रजवासियों की भावनाओं और अधिकारों की कीमत पर नहीं चाहिए बांके बिहारी कॉरिडोर’
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी श्री कुणाल चौधरी जी ने आज विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज के दर्शन एवं पूजन कर देश-प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव की कामना की। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में श्री चौधरी ने कहा कि वृंदावन केवल धार्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन संस्कृति का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने देश में बढ़ती वैमनस्यता और धार्मिक उन्माद की राजनीति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि धर्म को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं तथा पारदर्शिता के सवालों को उठाते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के दान का पूरा हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए। उन्होंने काशी, अयोध्या और अब प्रस्तावित बांके बिहारी जी मंदिर कॉरिडोर के संदर्भ में कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास के नाम पर स्थानीय लोगों की आस्था, रोजगार, घर-दुकान और ब्रज की सांस्कृतिक विरासत प्रभावित नहीं होनी चाहिए। श्री चौधरी ने प्रस्तावित बांके बिहारी जी मंदिर कॉरिडोर तथा मंदिर अधिग्रहण का विरोध करते हुए कहा कि कांग्रेस विकास के खिलाफ नहीं है, लेकिन ऐसा विकास स्वीकार नहीं किया जा सकता जो ब्रजवासियों की भावनाओं और अधिकारों की कीमत पर हो। सरकार को किसी भी निर्णय से पहले स्थानीय लोगों और मंदिर से जुड़े सभी हितधारकों से संवाद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार धार्मिक उन्माद और समाज में वैमनस्यता पैदा कर सत्ता हासिल करने की राजनीति कर रही है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ऐसी राजनीति को जवाब देते हुए भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। श्री कुणाल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ब्रज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय नागरिकों के अधिकारों और सामाजिक भाईचारे की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
इस अवसर पर पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर, शहर अध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम, पूर्व जिलाध्यक्ष सोहन सिंह सिसोदिया, भगवान सिंह वर्मा, राजन पाठक, रचनात्मक कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक पाराशर, प्रकाश शर्मा, अजय शर्मा, आशीष अरोड़ा, शिव कुमार गौतम 'बंटी' सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।