संकरी गलियों तक पहुंचेगी अब जीवनरक्षक सुविधा बांके बिहारी क्षेत्र समेत वृंदावन-मथुरा को मिलीं दो मिनी एंबुलेंस

ब्रेकिंग न्यूज़
अन्य फीचर्ड
17 सितंबर 2026, 04:04 PM
499 व्यूज
admin
Editor
संकरी गलियों तक पहुंचेगी अब जीवनरक्षक सुविधा  बांके बिहारी क्षेत्र समेत वृंदावन-मथुरा को मिलीं दो मिनी एंबुलेंस

मथुरा। धर्मनगरी वृंदावन और मथुरा की संकरी गलियों में रहने वाले लोगों तथा लाखों श्रद्धालुओं को अब आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पहले से अधिक तेजी से मिल सकेंगी। मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रीकांत शर्मा के प्रयासों से क्षेत्र को दो विशेष मिनी एंबुलेंस की सौगात मिली है। इन एंबुलेंसों को ऐसे क्षेत्रों में सेवा देने के लिए तैयार किया गया है, जहां बड़ी एंबुलेंस का पहुंचना मुश्किल होता है।


विधायक श्रीकांत शर्मा ने दोनों एंबुलेंस मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय को सौंपीं। इनमें से एक एंबुलेंस विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में तैनात की जाएगी, जहां वर्षभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है और संकरी गलियों के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।


नई व्यवस्था के तहत अब बीमार, बुजुर्ग अथवा आपातकालीन स्थिति में फंसे लोगों को त्वरित प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाया जा सकेगा। स्वास्थ्य विभाग ने भी दोनों एंबुलेंसों के संचालन की तैयारियां पूरी कर ली हैं।


विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। संकरी गलियों में एंबुलेंस की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। स्वास्थ्य सुविधा के विस्तार से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है।