47 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, तमंचा और चोरी की बाइक बरामद..
गोवर्धन थाना पुलिस और एसओजी टीम ने बरसाना बाईपास मार्ग पर चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया।
पुलिस पर की फायरिंग, बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी गोली
पुलिस के अनुसार संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया तो वह भागने लगा। पीछा करने पर बाइक फिसल गई। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली उपनिरीक्षक शरद कुमार त्यागी की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घायल बदमाश की पहचान नीरज उर्फ नरेन्द्र के रूप में
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज उर्फ नरेन्द्र (41) निवासी राल, थाना जैत, मथुरा हाल निवासी बल्लभगढ़, फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। मुठभेड़ में घायल होने के बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी गोवर्धन भेजा गया।
लूटी गई दो चेन, तमंचा और नकदी बरामद
आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, चार कारतूस (एक जिंदा व तीन खोखा), दो पीली धातु की चेन, 1,190 रुपये नकद, एक रेडमी मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गोवर्धन और वृंदावन की चेन स्नेचिंग कबूली
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि बरामद दोनों चेन हाल ही में छीनी गई थीं। एक चेन 18 सितंबर को गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित कुसुम सरोवर के पास और दूसरी 19 सितंबर को वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित रामकुटीर के पास छिनी गई थी।
चोरी की निकली अपाचे मोटरसाइकिल
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद अपाचे मोटरसाइकिल को करीब 15 दिन पहले आगरा से चोरी किया गया था। पुलिस वाहन के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
दर्जनों मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नीरज उर्फ नरेन्द्र पर हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चेन स्नेचिंग, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत लगभग चार दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गोवर्धन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।