वृंदावन में अब और मजबूत होगी पुलिसिंग, अलग सर्किल को शासन की मंजूरी

ब्रेकिंग न्यूज़
उत्तर प्रेदश फीचर्ड
05 सितंबर 2026, 04:08 PM
540 व्यूज
admin
Editor
वृंदावन में अब और मजबूत होगी पुलिसिंग, अलग सर्किल को शासन की मंजूरी
मुख्य बिंदु:

संदीप कुमार सिंह होंगे नए सर्किल के सीओ, वृंदावन-पर्यटन और साइबर थाना होंगे शामिल

मथुरा। ठाकुर बांकेबिहारी की नगरी वृंदावन में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ और लगातार बढ़ते धार्मिक-पर्यटन दबाव के बीच पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में शासन ने बड़ा कदम उठाया है। शासन ने वृंदावन सर्किल के गठन को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही अब वृंदावन की कानून-व्यवस्था, यातायात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा की निगरानी के लिए अलग पुलिस सर्किल होगा।

शासन की स्वीकृति के बाद संदीप कुमार सिंह को वृंदावन सर्किल का क्षेत्राधिकारी (सीओ) नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले क्षेत्राधिकारी यातायात के पद पर कार्यरत थे। उनकी नई तैनाती के संबंध में अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) और गृह विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की ओर से विधिवत आदेश जारी कर दिए गए हैं।

एसएसपी श्लोक कुमार के मुताबिक, नवगठित वृंदावन सर्किल के अंतर्गत थाना वृंदावन, थाना पर्यटन और जनपद का साइबर थाना शामिल किया गया है। नए सर्किल के अस्तित्व में आने के बाद इन थानों की निगरानी और पुलिसिंग की कमान अब एक ही क्षेत्राधिकारी के अधीन होगी।


सालभर रहता है श्रद्धालुओं का दबाव


वृंदावन में वर्षभर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। सामान्य दिनों में भी मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है, जबकि जन्माष्टमी, होली, राधाष्टमी, झूलन और अन्य प्रमुख धार्मिक पर्वों पर यह भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहती है।

इसी को देखते हुए वृंदावन के लिए अलग पुलिस सर्किल की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। शासन की मंजूरी के बाद अब पुलिस अधिकारियों की निगरानी और जिम्मेदारी को और स्पष्ट किया जा सकेगा।


यातायात से लेकर साइबर अपराध तक निगरानी


नए सर्किल के गठन का असर केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगा। वृंदावन में बढ़ते पर्यटक और श्रद्धालु दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था, मंदिर क्षेत्रों में भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और प्रमुख आयोजनों के दौरान पुलिस प्रबंधन को भी बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।

वहीं, साइबर थाना भी वृंदावन सर्किल में शामिल होने से साइबर अपराध से जुड़े मामलों की निगरानी और कार्रवाई में भी बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि वृंदावन को अलग पुलिस सर्किल मिलने से पुलिसिंग अधिक प्रभावी और जवाबदेह होगी तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। धार्मिक नगरी की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप इसे पुलिस व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।