28 हजार का विवाद बना जानलेवा, रिश्तेदार को मारी गोली

ब्रेकिंग न्यूज़
क्राइम फीचर्ड
14 सितंबर 2026, 04:36 PM
619 व्यूज
admin
Editor
28 हजार का विवाद बना जानलेवा, रिश्तेदार को मारी गोली
मुख्य बिंदु:

28 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दो रिश्तेदारों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपी ने रिश्तेदार के सीने में गोली मार दी। गंभीर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी ने खुद पुलिस को सूचना देकर आत्मसमर्पण कर दिया।

मथुरा। थाना फरह क्षेत्र के परखम के समीप सोमवार को महज 28 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद रिश्तों पर भारी पड़ गया। दो रिश्तेदारों के बीच पुरानी रंजिश और पैसों को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आए एक युवक ने अपने ही रिश्तेदार के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार फिरोजाबाद के राजावली निवासी आर्यन और परखम निवासी शिव कुमार कर्दम के बीच 28 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। सोमवार को दोनों आमने-सामने आए तो विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया। गाली-गलौज के बाद आर्यन ने शिव कुमार पर गोली चला दी। गोली सीधे सीने में लगने से शिव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

वारदात के बाद आरोपी आर्यन ने भागने के बजाय खुद पुलिस को सूचना देकर घटना की जानकारी दी और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि परखम के पास एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति को गोली मारने के बाद स्वयं पुलिस को घटना की सूचना दी। घायल के सीने में गोली लगी है और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार दिलाया जा रहा है। गोली चलाने वाले आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे के पूरे विवाद और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।