सवा करोड़ के गांजे पर एएनटीएफ का शिकंजा, खाद की आड़ में हो रही थी तस्करी
मुख्य बिंदु:
मथुरा में एएनटीएफ आगरा ने ट्रक से ढाई कुंतल गांजा बरामद किया। जैविक खाद के बीच छिपाकर लाई गई खेप की कीमत करीब सवा करोड़ रुपये है। गांजा उड़ीसा से मथुरा और अलीगढ़ सप्लाई होना था। रेकी कर रहे तीन लोग भी हिरासत में लिए गए।
मथुरा। थाना फरह क्षेत्र में रविवार को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) आगरा की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ढाई कुंतल गांजा बरामद किया। तस्करों ने गांजे की इस बड़ी खेप को ट्रक में जैविक खाद के बीच छिपा रखा था। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार गांजे की यह खेप उड़ीसा से मथुरा लाई गई थी और इसे मथुरा तथा अलीगढ़ में सप्लाई किया जाना था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रेकी कर रहे तीन संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है।
एएनटीएफ आगरा के सीओ उमेश पवार के अनुसार टीम को मुखबिर से इनपुट मिला था कि उड़ीसा से गांजे की बड़ी खेप ट्रक के जरिए मथुरा लाई जा रही है। सूचना को ट्रैप करने के बाद पता चला कि तस्करी में प्रयुक्त ट्रक फरह थाना क्षेत्र के दक्षिणी बाईपास से होकर अलीगढ़ की ओर जाएगा। सूचना की तस्दीक होते ही सीओ उमेश पवार ने टीम गठित कर दक्षिणी बाईपास पर निगरानी और चेकिंग शुरू करा दी।
इसी दौरान टीम ने संदिग्ध ट्रक संख्या CG 04 HZ 3433 को रोक लिया। ट्रक में सवार लोगों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वाहन में जैविक खाद लदी हुई है। हालांकि, तस्करों के जवाब और गतिविधियों पर संदेह होने के बाद एएनटीएफ टीम ने ट्रक की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान जैविक खाद के बीच छिपाकर रखे गए गांजे के बंडल बरामद होते ही पुलिस के होश उड़ गए। बंडलों को बाहर निकालकर मौके पर ही वजन कराया गया, जिसमें कुल करीब ढाई कुंतल गांजा निकला।
तफ्तीश के दौरान टीम को यह भी मालूम हुआ कि ट्रक के आगे एक अन्य वाहन चल रहा था। आशंका जताई गई कि उसमें सवार लोग पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रेकी कर रहे थे। एएनटीएफ टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कुछ दूरी पर उस वाहन को रोक लिया और उसमें सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
बरामद गांजा अलग-अलग बंडलों में पैक था। एएनटीएफ के सीओ उमेश पवार ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपये है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गांजे की यह खेप मथुरा और अलीगढ़ में खपाई जानी थी। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए संदिग्धों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क, इसके सरगना और सप्लाई चैन की कड़ियां खंगाल रही है।
एएनटीएफ की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त गिरोहों में खलबली मच गई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।