वृंदावन संरक्षण गृह में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत, CCTV में दो सहेलियां साथ जाती दिखीं—सुरक्षा व्यवस्था फिर सवालों में
वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित राजकीय कन्या संरक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। संरक्षण गृह में एक नाबालिग बालिका का संदिग्ध हालात में शव मिलने से सनसनी फैल गई है। शनिवार को जिले के कलेक्टर और कप्तान ने मौका मुआयना कर अधीनस्थों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा मामले की मजिस्ट्रयल जांच करवाने की बात कही है। बताया जाता है कि शुक्रवार को राजकीय बालिका सरक्षण गृह के एक कमरे के बाथरूम में चौदह वर्षीय बालिका का शव संदिग्धावस्था में मिला था। इसके बाद बाद संरक्षण गृह के स्टाफ में हड़कंप मच गया। आनन फानन में मामले की जानकारी इलाका पुलिस के साथ उच्चाधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और जांच शुरू कर दी। प्राथमिक तौर पर स्टाफ व अन्य बच्चियों से पूछताछ शुरू कर दी गई। इसके साथ ही परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए जिसमें जिस कमरे में बच्ची रह रही थी। इसके साथ रहने वाली दो हमउम्र लड़कियां मृतका के साथ कमरे के अटैच बाथरूम में जाती दिखाई दे रही है। लेकिन कुछ देर बाद दो लड़कियां ही बाहर निकलती दिखाई दे रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस द्वारा उन दोनो लड़कियों से पूछताछ की जा रही है। शनिवार को जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और कप्तान श्लोक कुमार ने मौका मुआयना किया। यहां बताते चले कि कुछ माह पहले भी चार लड़कियां स्टाफ को चकमा देकर संरक्षण गृह से फरार हो गई थी। इसके बाद संरक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए थे।