⚡ ब्रेकिंग: ईद-मिलादुन्नबी पर गूंजा ‘सरकार की आमद मरहबा’, वृंदावन में उमड़ा जुलूसे मोहम्मदी का जनसैलाब ⚡ ब्रेकिंग: सीमा पर वीर जवानों की कलाइयों पर राखी सजाएंगी वृंदावन की बेटियां, अटारी और अखनूर बॉर्डर के लिए रवाना हुआ जत्था ⚡ ब्रेकिंग: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश: बांके बिहारी मंदिर में चढ़ावे का हर पैसा दानपात्र या ऑनलाइन कोष में जमा होगा ⚡ ब्रेकिंग: रंगजी मंदिर के पास भाजपा पार्षद के भाई पर हमला, सिर में लोहे की रॉड मारकर किया लहूलुहान; दो आरोपी हिरासत में ⚡ ब्रेकिंग: दिनदहाड़े सेवायत पर धारदार हथियार से हमला, पुलिस को दी तहरीर ⚡ ब्रेकिंग: शरणागत भक्त को प्रार्थना की जरूरत नहीं : प्रेमानंद महाराज

विकास योजनाओं की समीक्षा में मंडलायुक्त सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

ब्रेकिंग न्यूज़
उत्तर प्रेदश फीचर्ड
22 अगस्त 2026, 06:00 PM
236 व्यूज
admin
Editor
विकास योजनाओं की समीक्षा में मंडलायुक्त सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
मुख्य बिंदु:

मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को योजनाओं में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। छाता सीवरेज योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए समयबद्ध कार्य पूरा कराने को कहा।

मथुरा/वृन्दावन। वृंदावन के गीता शोध संस्थान परिसर स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय में शनिवार को मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान आईजीआरएस की मंडलीय रैंकिंग में गिरावट पर मंडलायुक्त ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसकी समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। सीएम डैशबोर्ड और विकास कार्यों की रैंकिंग में मथुरा को छोड़कर अन्य तीन जिलों में सुधार पर भी समीक्षा की गई।

गौ संरक्षण केंद्र समय से पूरे कराने के निर्देश

पशुपालन विभाग की समीक्षा में आगरा और मथुरा में निर्माणाधीन सात-सात वृहद गो-संरक्षण केंद्रों की जानकारी ली गई। मंडलायुक्त ने सभी केंद्रों का निर्माण निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। बकरी, भेड़ और सूकर यूनिटों की स्थापना में भी तेजी लाने को कहा। पंचायत उत्सव भवनों के निर्माण की समीक्षा में मथुरा के चारों डीपीआर निदेशालय को भेजे जाने पर अन्य जिलों को भी समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्कूलों में सभी 19 मानक पूरे करने पर जोर

प्राथमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत अवशेष विद्यालयों को फर्नीचर से संतृप्त करने तथा सभी 19 पैरामीटर पूरे कराने के निर्देश दिए गए। प्रोजेक्ट अलंकार के कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। स्कूलों व छात्रावासों में शिक्षकों की उपस्थिति, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, झाड़ियों की कटाई और जलभराव से निजात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सर्वोदय विद्यालयों का निरीक्षण करने और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को कहा गया।

आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाएं

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान भारत योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड में आगरा में 47, फिरोजाबाद में 40, मथुरा में 43 और मैनपुरी में 28 प्रतिशत कार्ड बनना अभी बाकी है। मंडलायुक्त ने सभी पात्र लोगों को शत-प्रतिशत योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। सरकारी भवनों पर सोलर रूफटॉप लगाने के कार्य को भी चरणबद्ध तरीके से समय पर पूरा कराने को कहा।

आवास योजनाओं में लंबित किश्तें जारी हों

ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मथुरा में दो और मैनपुरी में तीन आवास निर्माण के लिए अवशेष होने की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री आवास योजना में फिरोजाबाद के एक और मैनपुरी के 21 लाभार्थियों को प्रथम किस्त जारी नहीं हुई है। मंडलायुक्त ने संबंधित मुख्य विकास अधिकारियों को शत-प्रतिशत प्रथम किस्त जारी कराने के निर्देश दिए। फॉर्मर्स रजिस्ट्री के कार्य में भी तेजी लाने को कहा।

49 अन्नपूर्णा भवन निर्माणाधीन

खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा में बताया गया कि मंडल में 32 उचित दर की दुकानें रिक्त हैं। इनमें आगरा में 12, फिरोजाबाद में चार, मथुरा में सात और मैनपुरी में 19 दुकानें शामिल हैं। मंडलायुक्त ने रिक्त दुकानों पर नए चयन की प्रक्रिया समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। मंडल में 116 अन्नपूर्णा भवनों के लक्ष्य के सापेक्ष 67 भवन पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 49 निर्माणाधीन हैं।

छाता सीवरेज योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी

50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मथुरा की छाता टाउन सीवरेज योजना की धीमी प्रगति पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। आगरा में यमुना नदी पर रुके सेतु निर्माण को सेतु निगम और जल निगम के समन्वय से शुरू कराने तथा फिरोजाबाद में निर्माणाधीन यमुना सेतु की गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश दिए। सुहाग नगर चौराहा से जैन मंदिर तक सड़क उपरिगामी निर्माण में भी तेजी लाने को कहा गया। छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय के निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त श्री उमेश मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी मथुरा श्री चंद्र प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी आगरा श्री मनीष कुमार बंसल, जिलाधिकारी मैनपुरी श्री इंद्रमणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी फिरोजाबाद श्री संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी आगरा श्रीमती प्रतिभा सिंह, मुख्य विकास अधिकारी फिरोजाबाद श्री शत्रोहन वैश्य, मुख्य विकास अधिकारी मैनपुरी श्रीमती नेहा बंधु, मुख्य विकास अधिकारी मथुरा श्रीमती पूजा गुप्ता, मथुरा अपर जिलाधिकारी वित्त श्री पंकज वर्मा एवं समस्त मण्डलीय अधिकारी मौजूद रहे।