"सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के आश्वासन पर छह दिन बाद टूटा अनशन, यमुना शुद्धिकरण का दिया भरोसा"
मुख्य बिंदु:
यमुना शुद्धिकरण, यमुना में गिरते नालों की टेपिंग और परिक्रमा मार्ग व घाटों पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर छह दिनों से अनशन पर बैठे समाजसेवी दीपक शर्मा का शुक्रवार को प्रशासन के आश्वासन के बाद अनशन समाप्त हो गया। विहार घाट पर सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने दीपक शर्मा से वार्ता कर उनकी मांगों पर सहमति जताई। प्रशासन ने नालों की टेपिंग, यमुना संरक्षण और परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का भरोसा दिया, जिसके बाद अनशन समाप्त कराया गया।
वृंदावन। यमुना में गिरते नालों की टेपिंग, यमुना शुद्धिकरण और परिक्रमा मार्ग व घाटों पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पिछले छह दिनों से अनशन पर बैठे समाजसेवी दीपक शर्मा का शुक्रवार को अनशन समाप्त हो गया। विहार घाट पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने समाजसेवी से विस्तृत वार्ता की और उनकी प्रमुख मांगों पर सहमति जताते हुए प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद दीपक शर्मा ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।
समाजसेवी दीपक शर्मा ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र और मां के समान पूजनीय हैं। उन्होंने कहा कि यमुना में लगातार गिर रहे गंदे नालों के कारण नदी का स्वरूप बिगड़ रहा है, जिसे देखकर उन्हें गहरी पीड़ा होती है। इसके अलावा वृंदावन परिक्रमा मार्ग और यमुना घाटों के आसपास कुछ असामाजिक तत्व खुलेआम नशा करते हैं और उपद्रव मचाते हैं। इससे श्रद्धालुओं को असुविधा होती है और विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी वृंदावन की छवि भी प्रभावित होती है।
सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान संवाद और सकारात्मक पहल से संभव है। उन्होंने बताया कि समाजसेवी दीपक शर्मा द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा की गई है। यमुना में गिरने वाले नालों की टेपिंग कर स्थायी और उच्चस्तरीय समाधान की दिशा में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी, ताकि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि वृंदावन पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि परिक्रमा मार्ग, यमुना घाटों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाई जाए। नशा करने, उपद्रव फैलाने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धार्मिक वातावरण को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन के आश्वासन के बाद दीपक शर्मा ने अपना छह दिन पुराना अनशन समाप्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन अपने वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा करेगा। यदि मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में पुनः जनआंदोलन का रास्ता अपनाने पर विचार किया जाएगा।
वार्ता के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के साथ एसीएम राजकुमार चौधरी, वृंदावन कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार तथा पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन और समाजसेवी के बीच सहमति बनने के बाद विहार घाट पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और यमुना संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई।