⚡ ब्रेकिंग: ईद-मिलादुन्नबी पर गूंजा ‘सरकार की आमद मरहबा’, वृंदावन में उमड़ा जुलूसे मोहम्मदी का जनसैलाब ⚡ ब्रेकिंग: सीमा पर वीर जवानों की कलाइयों पर राखी सजाएंगी वृंदावन की बेटियां, अटारी और अखनूर बॉर्डर के लिए रवाना हुआ जत्था ⚡ ब्रेकिंग: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश: बांके बिहारी मंदिर में चढ़ावे का हर पैसा दानपात्र या ऑनलाइन कोष में जमा होगा ⚡ ब्रेकिंग: रंगजी मंदिर के पास भाजपा पार्षद के भाई पर हमला, सिर में लोहे की रॉड मारकर किया लहूलुहान; दो आरोपी हिरासत में ⚡ ब्रेकिंग: दिनदहाड़े सेवायत पर धारदार हथियार से हमला, पुलिस को दी तहरीर ⚡ ब्रेकिंग: शरणागत भक्त को प्रार्थना की जरूरत नहीं : प्रेमानंद महाराज

राधा दामोदर मंदिर में सजा भक्ति का महाकुंभ, सात परिक्रमा के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

ब्रेकिंग न्यूज़
धर्म फीचर्ड
17 जुलाई 2026, 12:15 PM
582 व्यूज
admin
Editor
राधा दामोदर मंदिर में सजा भक्ति का महाकुंभ, सात परिक्रमा के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

नगर के सप्त देवालयों में से प्रमुख ठाकुर राधा दामोदर मंदिर में रथयात्रा के पावन पर्व पर मंदिर के बड़े गोसाई आचार्य कनिका प्रसाद गोस्वामी महाराज के सानिध्य में भक्ति का अनूठा उल्लास देखने को मिला। मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का आयोजन अत्यंत धूमधाम और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर संपूर्ण मंदिर परिसर जगन्नाथ स्वामी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा और दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

उत्सव का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। मंदिर परिसर में सर्वप्रथम भगवान जगन्नाथ, उनके अग्रज भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा का अलौकिक व विशेष शृंगार किया गया। प्रभु के इस मनमोहक स्वरूप के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो गए। शृंगार सेवा के उपरांत ठाकुर जी की विशेष महाआरती उतारी गई। महाआरती के समय शंखध्वनि, घंटे-घड़ियाल और मृदंग की थाप पर भक्त झूमते नजर आए। इसके पश्चात पूर्ण विधि-विधान के साथ भगवान जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा को दिव्य काष्ठ निर्मित रथ में विराजमान कराया गया।ठाकुर राधा दामोदर मंदिर की इस रथयात्रा में सेवा और समर्पण का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। रथयात्रा के आगे मंदिर के बड़े गोसाई आचार्य कनिका प्रसाद गोस्वामी महाराज स्वयं अपने हाथों से 'सोहनी सेवा' करते हुए चल रहे थे। यह दृश्य सनातन धर्म की विनम्रता और सेवा भाव को प्रदर्शित कर रहा था। वहीं, भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने का सौभाग्य मंदिर के सेवायत आचार्य दामोदर चंद्र गोस्वामी और महामंडलेश्वर सत्यानन्द सरस्वती गिरी अधिकारी गुरु महाराज को प्राप्त हुआ। संतों और सेवायतों द्वारा रथ खींचते ही पूरा परिसर 'हरे कृष्ण' और 'जय जगन्नाथ' के नारों से गूंज उठा।

मंदिर के सेवायत आचार्य दामोदर चंद्र गोस्वामी महाराज ने आयोजन के संदर्भ में विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि ठाकुर राधा दामोदर मंदिर में सदियों पुरानी दिव्य परंपराओं का आज भी पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ निर्वहन किया जा रहा है। देश-दुनिया की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान जगन्नाथ की यह पावन रथयात्रा मंदिर परिसर के भीतर ही निकाली गई।

आचार्य दामोदर चंद्र गोस्वामी ने बताया कि मंदिर प्रांगण के अंदर ही भगवान जगन्नाथ के रथ को अत्यंत श्रद्धा भाव से घुमाया गया और मुख्य मंदिर की सात परिक्रमा पूरी की गईं। इस परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु रथ को छूने और प्रभु की एक झलक पाने के लिए लालायित दिखे।रथयात्रा महोत्सव के विश्राम के बाद मंदिर प्रशासन की ओर से विशेष छप्पन भोग का प्रसाद प्रभु को अर्पित किया गया। इसके बाद परिसर में उपस्थित हजारों स्थानीय व बाहरी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।