स्कूल बस ने ली मासूम की जान: मथुरा में 8 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, चालक फरार, गुस्साए ग्रामीणों का स्कूल में हंगामा
मथुरा। जनपद के थाना जैंत क्षेत्र स्थित राल गांव के तिलक सिंह इंटर कॉलेज में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में कक्षा दो के आठ वर्षीय छात्र की स्कूल बस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया, पथराव किया और स्कूल की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह स्कूल बस बच्चों को लेकर कॉलेज पहुंची थी। बच्चों को उतारने के बाद चालक बस को पीछे की ओर बैक कर रहा था। इसी दौरान बस के पीछे मौजूद दूसरी कक्षा का छात्र नितिन उसकी चपेट में आ गया। बस का पहिया बच्चे के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया।
मासूम की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग कॉलेज परिसर पहुंच गए और स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उग्र भीड़ ने कॉलेज के मुख्य गेट पर पथराव कर दिया, जिससे कई खिड़कियों के शीशे टूट गए। कुछ देर तक कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना जैंत पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया तथा यातायात भी सुचारु कराया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि थाना जैंत क्षेत्र के एक कॉलेज में बच्चों को छोड़ने के बाद बस चालक वाहन को बैक कर रहा था। इसी दौरान बस के पीछे मौजूद आठ वर्षीय छात्र बस के नीचे आ गया, जिससे उसकी दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जाम लगाया तथा कॉलेज प्रबंधन के साथ कहासुनी और हल्की तोड़फोड़ की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया, जाम खुलवाया और छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फरार बस चालक की तलाश भी शुरू कर दी गई है।