बिना भर्ती हुए आयुष्मान कार्ड से निकले 2300 रुपये, महिला ने जताई धांधली की आशंका
मुख्य बिंदु:
वृंदावन की एक महिला ने बिना अस्पताल में भर्ती हुए उसके आयुष्मान कार्ड से 2300 रुपये का भुगतान दर्शाए जाने का आरोप लगाया है। व्हाट्सएप संदेश मिलने पर मामला सामने आया। अस्पताल प्रशासन ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
मथुरा/वृंदावन। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार द्वारा आयुष्मान कार्ड की सुविधा दी गई है। लेकिन अब इस योजना में धांधली के मामले भी सामने आने लगे हैं। वृंदावन के टटिया स्थान मार्ग निवासी एक महिला ने बिना अस्पताल में भर्ती हुए ही उसके आयुष्मान कार्ड से उपचार के नाम पर राशि निकाले जाने का आरोप लगाया है।
पीड़िता सावित्री देवी के अनुसार शुक्रवार को उनके मोबाइल पर आयुष्मान भारत योजना से संबंधित एक व्हाट्सएप संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में बताया गया कि वह 10 जून से 11 जून 2026 तक जिला संयुक्त चिकित्सालय वृंदावन में भर्ती रहीं और दो दिन तक उनका उपचार किया गया। इसके साथ ही उपचार के एवज में आयुष्मान कार्ड से 2300 रुपये का भुगतान भी दर्शाया गया।
महिला संदेश देखकर हैरान रह गईं। उनका कहना है कि यदि आयुष्मान कार्ड की राशि इस प्रकार फर्जी तरीके से निकाली जाती रही तो भविष्य में जरूरत पड़ने पर उन्हें उपचार में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
महिला को प्राप्त संदेश में जिला संयुक्त चिकित्सालय वृंदावन की ओर से डिस्चार्ज होने की जानकारी दी गई है। संदेश में भर्ती तिथि 10 जून 2026, डिस्चार्ज तिथि 11 जून 2026 तथा अस्पताल में दो दिन भर्ती रहने का उल्लेख है।
इस संबंध में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आयुष्मान कार्ड में बिना भर्ती हुए मरीज को भर्ती दिखाकर भुगतान किए जाने की जानकारी पहले कभी सामने नहीं आई है। मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला के नाम पर भर्ती और भुगतान की प्रविष्टि किस प्रकार दर्ज हुई। फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है।