⚡ ब्रेकिंग: वृंदावन में ट्रैफिक पर बड़ा एक्शन: सिर्फ 2700 पंजीकृत ई-रिक्शा चलेंगे, अवैध टेंपो पर सख्त कार्रवाई ⚡ ब्रेकिंग: राधा दामोदर मंदिर में सजा भक्ति का महाकुंभ, सात परिक्रमा के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा ⚡ ब्रेकिंग: स्कूल बस ने ली मासूम की जान: मथुरा में 8 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत, चालक फरार, गुस्साए ग्रामीणों का स्कूल में हंगामा ⚡ ब्रेकिंग: वृंदावन में जाम से मिलेगी राहत! टेंपो-ई-रिक्शा के लिए बनेगा नया स्टैंड ⚡ ब्रेकिंग: भागवत कथा में हुआ '60 नॉट आउट' का लोकार्पण, साध्वी ऋतंभरा बोलीं— 60 के बाद शुरू होती है नई जिंदगी ⚡ ब्रेकिंग: वृंदावन में 'दोस्ती' की आड़ में 2.90 करोड़ की लूट, जैंत पुलिस ने 24 घंटे में पलटा खेल

वृंदावन में बिजली संकट पर भड़का जनाक्रोश, बिजली घरों का घेराव कर जनता ने खोला मोर्चा

ब्रेकिंग न्यूज़
उत्तर प्रेदश फीचर्ड
25 मई 2026, 03:34 PM
817 व्यूज
admin
Editor
वृंदावन में बिजली संकट पर भड़का जनाक्रोश, बिजली घरों का घेराव कर जनता ने खोला मोर्चा
मुख्य बिंदु:

वृंदावन में लगातार बिजली कटौती से नाराज लोगों ने पागल बाबा और रंगजी बिजली घर का घेराव कर प्रदर्शन किया। जनता ने 30 घंटे तक बिजली गुल रहने, पानी संकट और भीषण गर्मी में परेशानी का आरोप लगाया। बीजेपी पार्षद शशांक शर्मा और सपा नेता भारत भूषण शर्मा ने बिजली विभाग व सरकार पर लापरवाही के आरोप लगाए।

मथुरा/वृन्दावन।धार्मिक नगरी वृंदावन में अघोषित बिजली कटौती ने अब लोगों का गुस्सा सड़कों पर ला दिया है। सोमवार को बड़ी संख्या में गुस्साए लोग सबसे पहले समाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ बिजली कटौती के विरोध में पागल बाबा बिजली घर पहुंचे तो दूसरी तरफ वृन्दावन वार्ड संख्या 50 के बीजेपी पार्षद शशांक शर्मा स्थानीय जनता के साथ रंगजी बिजली घर पहुंच गए, जहां बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया। लोगों का आरोप है कि शहर में दिन-रात लगातार बिजली कटौती हो रही है और कई इलाकों में 30 घंटे से ज्यादा समय तक बिजली गुल रही, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।


हर 10 मिनट में कट रही बिजली, लोग बोले- अब बर्दाश्त नहीं


प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही और मनमानी के आरोप लगाए। लोगों का कहना है कि विभाग हर बार “मेंटेनेंस” का बहाना बनाकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहा है। हालात यह हैं कि हर 10-15 मिनट में बिजली कट जाती है और शिकायत करने पर कोई अधिकारी सुनवाई तक नहीं करता। भीषण गर्मी में लोग रातभर जागने को मजबूर हैं, पानी की सप्लाई ठप हो रही है और छोटे व्यापारियों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।


बीजेपी पार्षद ने खोला मोर्चा, अधिकारियों पर लगाए धमकी देने के आरोप


वृंदावन वार्ड नंबर 50 के बीजेपी पार्षद शशांक शर्मा भी जनता के साथ रंगजी बिजली घर पहुंचे और विभागीय अधिकारियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वृंदावन को सरकार ने कटौती मुक्त घोषित किया है, लेकिन अधिकारी खुलेआम सरकार के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।


पार्षद ने आरोप लगाया कि वह पिछले दिसंबर महीने से लगातार बिजली व्यवस्था की खामियों को लेकर विभाग को चेताते रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने एसडीओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब जवाब मांगा गया तो मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई। शशांक शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं सुधरे तो जनता बड़ा आंदोलन करेगी और जिम्मेदार अधिकारियों को हटाने तक की लड़ाई लड़ी जाएगी।


संविदाकर्मी से अभद्रता के आरोपों से बढ़ा विवाद


वहीं रंगजी बिजली घर पर प्रदर्शन के दौरान विवाद उस समय और बढ़ गया जब ड्यूटी पर तैनात एक संविदाकर्मी ने बीजेपी पार्षद शशांक शर्मा और उनके समर्थकों पर अभद्रता और हंगामा करने के आरोप लगाए। इस घटना के बाद बिजली घर परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।


सपा नेता ने सरकार को घेरा, पूछा- अतिरिक्त बिजली आखिर कहां है?


स्थानीय जनता के साथ बिजली कटौती के विरोध में पागल बाबा बिजली घर पहुंचे समाजवादी पार्टी के नेता भारत भूषण शर्मा ने भी बिजली संकट को लेकर सरकार और ऊर्जा विभाग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा प्रदेश में अतिरिक्त बिजली उपलब्ध होने के दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वृंदावन की जनता भीषण बिजली संकट झेलने को मजबूर है।


उन्होंने सवाल उठाया कि अगर प्रदेश में अतिरिक्त बिजली उपलब्ध है तो आखिर वह बिजली जा कहां रही है। भारत भूषण शर्मा ने कहा कि जनता को तकनीकी शब्दों और “वर्टिकल व्यवस्था” के बहाने नहीं, बल्कि 24 घंटे निर्बाध बिजली चाहिए।


भीषण गर्मी में फूटा जनता का गुस्सा


लगातार बिजली कटौती से वृंदावन के लोगों का सब्र जवाब देने लगा है। गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। घरों में पानी का संकट गहरा गया है, व्यापार ठप पड़ रहा है और बच्चों-बुजुर्गों की हालत खराब है। जनता ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।