⚡ ब्रेकिंग: कोतवाली में पत्रकारों को धमकी, पुलिस बनी मूकदर्शक! रात 11 बजे तक धरने के बाद दर्ज हुआ मुकदमा ⚡ ब्रेकिंग: बाँकेबिहारी कॉरिडोर पर पारदर्शिता की मांग तेज, परियोजना से जुड़े दस्तावेजों के लिए दायर हुई आरटीआई ⚡ ब्रेकिंग: IPL जीत के बाद वृंदावन पहुंचे विराट-अनुष्का, संत प्रेमानंद महाराज का लिया आशीर्वाद ⚡ ब्रेकिंग: तेज रफ्तार अज्ञात कार ने श्रद्धालु को कुचला, मौके पर मौत ⚡ ब्रेकिंग: एक्ट्रेस ईशा गुप्ता ने दिया प्रेमानंद महाराज का हेल्थ अपडेट सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों पर लगाया विराम, कहा- महाराज जी पूरी तरह स्वस्थ हैं ⚡ ब्रेकिंग: प्रशासन बेबस: बांके बिहारी मंदिर में महिला अचेत, परिक्रमा मार्ग पर दौड़े वाहन

पाँच हजार से अधिक भागवत कथाओं में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब,100 करोड़ से ज्यादा कारोबार की उम्मीद

ब्रेकिंग न्यूज़
उत्तर प्रेदश फीचर्ड
16 मई 2026, 06:31 PM
325 व्यूज
admin
Editor
पाँच हजार से अधिक भागवत कथाओं में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब,100 करोड़ से ज्यादा कारोबार की उम्मीद
मुख्य बिंदु:

अधिकमास रविवार से शुरू हो रहा है, जिसके चलते वृंदावन पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंग गया है। वृंदावन में पांच हजार से अधिक भागवत कथा और धार्मिक आयोजनों की तैयारी है। देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना के बीच होटल, आश्रम और धर्मशालाएं पहले से फुल हैं। अधिकमास में वृंदावन में 100 करोड़ रुपये से अधिक कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

मथुरा/वृंदावन।सनातन धर्म में अत्यंत पुण्यदायी माने जाने वाले पुरुषोत्तम मास यानी अधिकमास का शुभारंभ रविवार 17 मई से हो रहा है। इसके साथ ही ठाकुर श्रीकृष्ण की नगरी वृंदावन पूर्ण रूप से भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के रंग में रंग गई है। पूरे ब्रज मंडल में एक माह तक श्रीमद्भागवत कथा, भजन-कीर्तन, महायज्ञ, संकीर्तन और विविध धार्मिक आयोजनों की धूम रहेगी। देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए मंदिरों, आश्रमों और धार्मिक स्थलों पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।


सालभर पहले से होने लगती है कथाओं की बुकिंग


अधिकमास को भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की आराधना के लिए विशेष फलदायी माना जाता है। यही कारण है कि वृंदावन में होने वाली भागवत कथाओं और धार्मिक आयोजनों की बुकिंग लगभग एक वर्ष पहले से ही शुरू हो जाती है। इस बार भी नगर के अधिकांश आश्रम, गेस्ट हाउस और धर्मशालाएं महीनों पहले ही फुल हो चुकी हैं।

प्रख्यात कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी, ठाकुर देवकीनंदन महाराज, संजीव कृष्ण ठाकुर, अनिरुद्धाचार्य महाराज, इंद्रेश महाराज और श्रीकृष्ण चंद्र ठाकुर सहित अनेक संतों और कथा प्रवक्ताओं की कथाओं को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि इस बार स्थानीय संतों के साथ बाहर से आने वाले कथा प्रवक्ताओं की संख्या भी काफी अधिक बताई जा रही है।


पांच हजार से अधिक धार्मिक आयोजनों का अनुमान


जानकारों के अनुसार अधिकमास के शुक्लपक्ष और कृष्णपक्ष में वृंदावन और पूरे ब्रज क्षेत्र में छोटे-बड़े मिलाकर पांच हजार से अधिक श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ और धार्मिक आयोजन होने की संभावना है। इसके अलावा श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ, यमुना चुनरी मनोरथ, विशेष श्रृंगार, झांकियां और मंदिर उत्सव भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।पूरे शहर में भजन, संकीर्तन और राधे-राधे की गूंज के बीच आध्यात्मिक वातावरण चरम पर पहुंचने लगा है।


होटल, आश्रम और धर्मशालाएं पहले से फुल


श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए वृंदावन के होटल, धर्मशालाएं, आश्रम और गेस्ट हाउस लगभग पूरी तरह बुक हो चुके हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख मंदिरों के आसपास भीड़भाड़ बढ़ने लगी है।


अधिकमास में 100 करोड़ से अधिक कारोबार की उम्मीद


अधिकमास केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से भी वृंदावन के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। व्यापारियों और स्थानीय कारोबारियों का अनुमान है कि एक माह के इस धार्मिक आयोजन के दौरान वृंदावन में 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हो सकता है।

धार्मिक आयोजनों के चलते टेंट व्यवसाय, हलवाई, फूल व्यापार, डेकोरेशन, लाइटिंग, साउंड सिस्टम, परिवहन, प्रसाद, पूजा सामग्री और होटल कारोबार से जुड़े लोगों की मांग तेजी से बढ़ गई है। पूरे शहर में रौनक और चहल-पहल का माहौल दिखाई दे रहा है।


प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी


संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रमुख मंदिरों, परिक्रमा मार्गों और मुख्य चौराहों पर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।