पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों का असर मथुरा में भी, मथुरा में पेट्रोल 2.76 और डीजल 3.01 रुपए महंगा।
मुख्य बिंदु:
मथुरा में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर दिखाई देने लगा है। पेट्रोल 2.76 रुपये और डीजल 3.01 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। नए रेट के अनुसार पेट्रोल 96.99 रुपये और डीजल 90.25 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कीमत बढ़ने के बाद पेट्रोल पंपों पर भीड़ देखी गई। पेट्रोल पंप संचालकों ने लोगों से घबराकर अतिरिक्त खरीदारी न करने की अपील की है।
मथुरा।मथुरा में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। पेट्रोल के दाम में 2 रुपए 76 पैसे और डीजल के दाम में 3 रुपए 1 पैसे की वृद्धि की गई है। नए रेट लागू होने के बाद आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
मथुरा में यह हैं नए रेट।
मथुरा में पेट्रोल का रेट बढ़कर 96.99 रुपए प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल अब 90.25 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद वाहन चालकों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पेट्रोल पंपों पर लगी भीड़।
सरकार की ओर से पेट्रोल पंप संचालकों को तीन दिन का स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बाद मथुरा के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की भीड़ देखने को मिली। जिले में विभिन्न कंपनियों के करीब 250 पेट्रोल पंप संचालित हैं।
वृन्दावन के गौरांग फिलिंग स्टेशन के प्रबंधक रामकुमार गौतम ने बताया कि फिलहाल किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को अभी बढ़ी हुई कीमतों की जानकारी नहीं है, जिससे ग्राहकों को समझाने में परेशानी होती है। हालांकि अधिकांश लोग पहले से कीमत बढ़ने की संभावना मान रहे थे और उन्हें उम्मीद थी कि दाम इससे ज्यादा बढ़ सकते हैं।
लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया।
पेट्रोल पंपों पर ईंधन भरवाने पहुंचे लोगों ने बढ़ी कीमतों और स्टॉक व्यवस्था को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध जैसे अंतरराष्ट्रीय हालातों के बीच देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाए रखने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है। वहीं कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि चुनाव खत्म होने के बाद ही कीमतों में बढ़ोतरी क्यों की जाती है।
पेट्रोल पंप संचालको ने कहा-घबराने की जरूरत नहीं।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि जिले में फिलहाल पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है। लोगों से अनावश्यक घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी न करने की अपील की गई है।