व्यवसायी परिवार को बंधक बनाकर लूट करने वाले दो डकैत पुलिस ने एनकाउंटर में किए ढेर
गैलरी
एक पखवाड़े पहले थाना सुरीर के गांव टेंटीगाव में व्यवसायी परिवार को बंधक बनाकर लूट करने वाले दो डकैत पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिए हैं। मौके पर हुई क्रास फायरिंग में स्वाट प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हुए हैं। कप्तान श्लोक कुमार के अनुसार आरोपियों पर पूर्व में कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। यहां बताते चले कि बीती 23 अप्रैल की रात गांव टेंटीगाव निवासी परचून व्यापारी अजय अग्रवाल के घर पर आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने धावा बोल कर पूरे परिवार को बंधक बना लिया था। करीब दो घंटे तक बदमाशों ने आतंक कायम करते हुए लाखों रुपए की नगदी और जेवरात की लूट की थी। इस घटना ने जिले की पुलिस के लिए बड़ी चुनौती खड़ी की थी। कप्तान श्लोक कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सत्रह टीमें खुलासे के लिए लगाई थी। जिन्होंने मुखबिरी के नेटवर्क और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाबरिया गैंग को संदिग्ध माना । इसके बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। बताया जाता है कि बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि डकैती में शामिल बदमाश टेंटीगाव क्षेत्र में सक्रिय है।इस पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए दो बदमाशों को मार गिराया जिनकी शिनाख्त धर्मेंद्र उर्फ लंबू और राजेंद्र उर्फ पप्पू निवासी राजस्थान के रूप में हुई है।जो बाबरिया गैंग के सक्रिय सदस्य थे।