369 ग्राम गांजा व अवैध चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
वृंदावन। थाना वृंदावन पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 369 ग्राम अवैध गांजा और एक चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात मुखबिर की सूचना पर मथुरा गेट चौकी पुलिस ने गुरुकुल के सामने स्थित खाली पड़े खंडहरों के पास छापेमारी की। इस दौरान गोविंद कुंड टीला निवासी 28 वर्षीय लालू पुत्र आनंद को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 369 ग्राम गांजा और एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी नशीले पदार्थों की तस्करी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2019, 2023 और 2025 में भी एनडीपीएस एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार के निर्देशन में चौकी प्रभारी राहुल चौधरी सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।