रेलवे स्टेशन से अगवा 5 माह का मासूम सकुशल बरामद, दंपती समेत दो गिरफ्तार
मथुरा। थाना हाईवे पुलिस और साइबर/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2 के बाहर से अगवा किए गए पांच माह के शिशु को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 8 सितंबर को मासूम को उसकी मां के पास से सोते समय उठाकर ले जाया गया था। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने 11 सितंबर की सुबह मुरैना के ग्राम बसैया स्थित मंदिर के पास से दोनों आरोपितों को दबोच लिया।
पूछताछ में सामने आया कि संतान न होने से परेशान महिला अपने साथी संजीव के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। दोनों 5 सितंबर को मथुरा घूमने आए थे। कथित तौर पर संतान सुख पाने की चाह में उन्होंने मासूम का अपहरण कर लिया।
थाना हाईवे में दर्ज मुकदमा संख्या 873/2026 के तहत दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस सफलता से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है।