बस की टक्कर से सब्जी विक्रेता की मौत: आक्रोशित परिजनों ने किया मथुरा वृंदावन रोड जाम
गैलरी
मथुरा के थाना कोतवाली वृंदावन इलाके में सोमवार की सुबह हुए एक हादसे में सब्जी विक्रेता की मौत हो गई। बस की टक्कर से हुई मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने मथुरा वृंदावन रोड जाम कर दिया। जाम लगने की सूचना पर 3 थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित परिजनों को कार्यवाही का भरोसा देकर शांत किया।
बस ने मारी स्कूटी में टक्कर
अक्रूर गांव निवासी 45 वर्षीय किशन सोमवार को लगभग सुबह 9 बजे गांव से चैतन्य बिहार इलाके में स्थित सब्जी की दुकान पर जा रहे थे। किशन जैसे ही वात्सल्य ग्राम के समीप पहुंचे तभी पर्यटकों को लेकर आई बस बैंक करते समय स्कूटी से टकरा गई। जिससे किशन जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। किशन को लेकर वह पहले वृंदावन के स्थानीय एक निजी हॉस्पिटल गए जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उनको लेकर मथुरा के एक बड़े अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने किशन को मृत घोषित कर दिया। किशन की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। वह शव को लेकर गांव के बाहर मथुरा वृंदावन रोड पर आ गए। जहां उन्होंने जाम लगा दिया।
ट्री गार्ड से रास्ता किया अवरुद्ध
घटना से परिजन इस कदर आक्रोशित हुए कि उन्होंने रोड किनारे लगे ट्री गार्ड उखाड़ दिए और उनको रास्ते में डाल दिया। जिससे मथुरा वृंदावन रोड अवरुद्ध हो गया। आक्रोशित परिजन कार्यवाही की मांग करने लगे। रोड जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। महिलाएं हाथों में लाठी लेकर आ गईं। इसी दौरान वहां से जबरन निकलने का प्रयास कर रहा एक बाइक सवार गुस्से का शिकार हो गया।
एंबुलेंस में की तोड़फोड़
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मौके से हटाकर एंबुलेंस में रखा तो परिजनों ने एंबुलेंस को रोकने के प्रयास शुरू कर दिए। एंबुलेंस से शव निकालने के लिए पुलिस से खींचातानी शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को बताया। इस बीच आक्रोशित लोगों ने एंबुलेंस के शीशे भी तोड़ दिए। किसी तरह मौके से पुलिस ने एंबुलेंस को निकाला।
बस में की तोड़फोड़
घटना से परिजन इस कदर आक्रोशित थे कि वह घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर बस को गांव के अंदर ले गए। जहां उन्होंने बस के शीशे तोड़ दिए टायर पंचर कर दिए। ड्राइवर के साथ भी मारपीट की गई। जिससे घायल हुए ड्राइवर लालू शर्मा को किसी तरह पुलिस निकालकर अस्पताल ले गई। लालू शर्मा ने बताया कि वह बरेली से 56 लोगों को लेकर वृंदावन दर्शन कराने लाया था। शाम को वापसी थी। यात्रियों को छोड़कर बस को बैंक कर लगा रहा था इसी दौरान हादसा हो गया।
पुलिस ने कहा करेंगे कार्यवाही
किशन के 4 बेटी और एक बेटा है। वह परिवार में कमाने वाला अकेला था। किशन के भाई नंद किशोर ने बताया कि वह कार्यवाही और परिजनों की मदद हो इसकी मांग कर रहे थे। सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद कार्यवाही की जाएगी जो नियमानुसार मदद होगी वह की जाएगी।