रंगजी मंदिर के पास भाजपा पार्षद के भाई पर हमला, सिर में लोहे की रॉड मारकर किया लहूलुहान; दो आरोपी हिरासत में
प्रसिद्ध श्री रंगनाथ मन्दिर के समीप मंगलवार की देर शाम भाजपा पार्षद के भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इलाका पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़कर घायल को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भिजवाया है। बताया जाता है कि वार्ड़ 50 के पार्षद शशांक शर्मा का भाई अवनीश शर्मा मंगलवार की शाम अपने चाचा के होटल पर बैठा हुआ था। उसी समय वहां पहुंचे दो युवकों से किसी बात पर कहासुनी हो गई। इसके बाद उक्त युवकों ने मौका पाकर अवनीश पर हमला बोल दिया। इसी बीच किसी युवक ने अवनीश के सिर पर लोहे की रॉड से प्रहार कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। सरेशाम प्रसिद्ध मन्दिर के समीप झगड़ा होने से मौके पर भीड़ हो गई। झगड़े की सूचना पाकर रंगजी मन्दिर पुलिस चोकी से प्रभारी दीपक नागर मय पुलिस बल के पहुंच गए। और भागने का प्रयास कर रहे दो लोगों को पकड़ कर हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा घायल अवनीश का संयुक्त जिला अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया है।