डेढ़ माह पुरानी परिक्रमा मार्ग लूट का खुलासा: सगे मौसेरे भाई गिरफ्तार, लूटा मोबाइल, चाकू और बाइक बरामद
वृंदावन। परिक्रमा मार्ग पर करीब डेढ़ माह पूर्व हुई सनसनीखेज लूट की घटना का वृंदावन पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी आपस में सगे मौसेरे भाई हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, परिक्रमा मार्ग पर हुई लूट की घटना के बाद आरोपियों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। मुखबिर की सूचना और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
इस कार्रवाई का नेतृत्व कोतवाल अश्वनी कुमार ने किया। वहीं, चौकी इंचार्ज राहुल चौधरी, हेड कांस्टेबल जिनेंद्र, हेड कांस्टेबल रितेश तथा कॉन्स्टेबल विकास की सक्रिय भूमिका से पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धार्मिक नगरी वृंदावन में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
इस खुलासे के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है और परिक्रमा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।