वृंदावन में भूमाफियाओं का कहर! पुश्तैनी मकान पर कब्जे की कोशिश, हथियारबंद लोगों पर आरोप
मुख्य बिंदु:
Vigul News
वृंदावन, मथुरा।
वृंदावन में भूमाफियाओं की सक्रियता और अवैध कब्जों के मामलों के बीच एक नया मामला सामने आया है। ब्रजराज कुंज, पीली कोठी, पुरानी कालीदह निवासी बृजेश कुमार शर्मा ने कोतवाली वृंदावन में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उनके पुश्तैनी मकान पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया।
तहरीर के अनुसार, प्रार्थी के बाबा वल्लभ शरण शास्त्री ने वर्ष 1987 में 1820.5 वर्गमीटर भूमि क्रय की थी, जिस पर परिवार का लंबे समय से कब्जा चला आ रहा है। बृजेश कुमार शर्मा का आरोप है कि 14 जून 2026 की सुबह शिव प्रकाश शर्मा और दिलीप कुमार अपने साथ चार-पांच लोगों को लेकर उनके मकान में घुस आए और एक कमरे का ताला तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित का कहना है कि उसी दिन शाम करीब सात बजे शिव प्रकाश शर्मा 15 से 20 हथियारबंद लोगों के साथ दोबारा पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने तीन कमरों के ताले तोड़कर सामान बाहर निकाल दिया और कमरों में अपने ताले लगाकर कब्जा करने की कोशिश की। जाते समय आरोपितों ने तमंचा दिखाकर पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा करते हुए पेन ड्राइव पुलिस को सौंपने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।